चुपके से रांची पहुंचे, राज्यपाल से मिले सुपर स्टार रजनीकांत


रांची/जन की बात
दक्षिण भारतीय सुपरस्टार और राजनेता रजनीकांत बड़े ही गुपचुप तरीके से रांची आये और झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। झारखंड के महामहिम से हुई इस हाई प्रोफाइल मुलाकात के बाद झारखंड के राजनेताओं के कान खड़े हो गये हैं और उसको लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं। बता दें, ये दोनों दिग्गज दक्षिण भारत से हैं और राजनीति में रहने के कारण भी एक दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। राज्यपाल ने अपने ट्विटर हैंडल पर फोटो के साथ एक ट्वीट भी साझा किया है जिसमें उन्होंने लिखा है- ‘रांची आगमन पर, अपने प्रिय मित्र, भारत के महानतम अभिनेताओं में से एक और महान इंसान सुपरस्टार से मिलकर बहुत खुशी हुई।@रजनीकांत जी से कल राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात हुई। मैं झारखंड की महान धरती पर उनका हृदय से स्वागत करता हूं।’
यहां यह बता दें कि रजनीकान्त, का झुकाव राजनीति की तरफ भी रहा है। पूर्व में वह डीएमके का समर्थन कर चुके हैं, तो कभी भारतीय जनता पार्टी का। जनवरी 2020 में उन्होंने पेरियार की कटु आलोचना की थी। 31 दिसम्बर, 2017 को उन्होंने घोषणा की कि वह 2021 का तमिलनाडु विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे और सभी 234 सीटों पर उनके प्रत्याशी खड़े होंगे। बाद में उन्होंने 12 जुलाई, 2021 को अपनी पार्टी रजनी मक्कल मंदरम (RMM) को भंग कर दिया। साथ ही उन्होंने यह घोषणा की थी कि भविष्य में राजनीति में आने की उनकी कोई योजना नहीं है। लेकिन झारखंड के राज्यपाल से उनकी मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में उनके दोबारा राजनीति में आने और कुछ बड़ा होने के कयास जरूर लगने लगे हैं।