लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त, बाजार रहे फीके
जमुआ/जन की बात
लगातारबारिश से जमुआ सहित संपूर्ण प्रखंड में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बीते तीन दिनों देर से प्रारंभ हुई बारिश बुधवार को लगातार होती रही। लगातार बारिश के कारण प्रखंड की सड़कों पर जल जमाव हो गया है। लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है। बारिश के चलते जगह-जगह जल जमाव हो गया है। जल जमाव के कारण दो पहिया वाहन चालकों, पैदल चलने वालों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के गड्ढों में पानी जम गया है। बुधवार को भी दिन भर घने बादल छाए रहे। दिन भर बारिश होती रही। आवागमन में भी दिक्कतों का सामना लोगों को करना पड़ा। बारिश और चारों ओर पानी ही पानी, कुछ ऐसा नजारा था बुधवार को पूरे क्षेत्र का। सड़कें जलमग्न रही। वैसे भी यहां सड़क की स्थिति काफी दयनीय है।
मौसम हुआ खुशनुमा, बाजार रहे फीके
लगातार हो रही बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। हालांकि रोजमर्रा की जिंदगी जीने वाले लोगों को इस लगातार बारिश से बहुत परेशानी भी हो रही है। लोगों को घर से निकलना मुश्किल सा हो गया है। सुबह से शाम तक जमुआ, मिर्जागंज सहित प्रखंड के कई हाट बाजारों में लोगों का आवागमन कम दिखा। कई दुकानदारों ने कहा कि बारिश का असर बाजार पर भी पड़ा है। दशहरा नजदीक होने के बावजूद बारिश की वजह से प्रखंड के बाजारों में खरीदारी करने वालों की संख्या कम देखी गई। हालांकि इस बारिश से कुछ फसलों में पैदावार अच्छी होने की उम्मीद है।
बारिश से लबालब भरे तालाब
लगातार बारिश से प्रखंड के विभिन्न तालाबों का जलस्तर उठ गया है। सभी तालाब लबालब भर गए हैं। कई तालाबों में इतना पानी हो गया है कि उसके मेढ़ टूटने के खतरे बढ़ गए हैं। ऐसे में ये तालाब खतरनाक रूप ले लिया है। लोगों ने बताया कि छोटे बच्चों के अलावा बड़ों को भी इस वक्त तालाब में स्नान करना या उतरना खतरे से खाली नहीं है। तालाबों में पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं रहने के कारण उसके मेढ़ टूटने के भी खतरे बढ़ गए हैं। ऐसे में आसपास लगे धान वगैरह के फसल का नुकसान हो सकता है।