जलीय सूर्य मंदिर बना आदर्श विवाह का गवाह
मुखिया की पहल पर दो परिवारों का हुआ मिलन
जमुआ/जन की बात
कहते हैं जिन्हें मिलना होता है उसे ऊपर वाला भी मदद करता है। लोग चाहे न चाहे, समाज चाहे न चाहे लेकिन सच्चे दिल से मिलने वाले लोग आपस में मिलकर रहते हैं। कुछ ऐसा हीं हुआ सोमवार को मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित जलीय सूर्य मंदिर में। जलीय सूर्य मंदिर एक आदर्श विवाह का गवाह बना। खरगडीहा मुखिया चीना खान की पहल रंग लाई और घर छोड़कर भागे हुए प्रेमी युगल वापस घर आये। पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आदर्श विवाह संपन्न हुआ। बताया जाता है कि देवरी थाना के ढेंगाडीह निवासी 24 वर्षीय विजय कुमार राम का जमुआ थाना के खरगडीहा में अपने एक रिश्तेदार के यहां अक्सर आना जाना था। वहीं पर उसकी मुलाकात 18वर्षीय कुमकुम कुमारी से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई और दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। विजय दिल्ली में रहकर रसोइया का कार्य करता है लेकिन अक्सर वह कुमकुम से मिलने खरगडीहा आता जाता था। दोनों के परिजनों ने भी दोनों की दोस्ती देखकर दोनों के विवाह को लेकर सहमत भी हो गए थे। देर सिर्फ़ इस बात की थी कि कुमकुम की एक बड़ी बहन भी है जिसकी शादी पहले कहीं तय करनी थी। लेकिन कई महीने गुजरने के बाद भी ऐसा नहीं हो पाता देख दोनों प्रेमी युगल रविवार को बगैर किसी को बताये एक साथ अपने अपने घर छोड़कर चले गए। विजय बगैर परिजनों को कुछ बताये कुमकुम को लेकर दिल्ली के लिए निकल पड़ा। घर में दोनों को न पाकर दोनों के परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। कुमकुम के परिजन खरगडीहा मुखिया को सारा वाक्या कह कर सुनाया। मुखिया ने दोनों के दिल्ली भागने की आशंका को महसूस करते हुए परिजनों को कोडरमा रेलवे स्टेशन में जाकर खोजने की बात कहा। परिजन कोडरमा रेलवे स्टेशन से दोनों प्रेमी युगल को समझाकर घर ले आए। खरगडीहा मुखिया की पहल पर सोमवार दोपहर को दोनों का विवाह जलीय सूर्य मंदिर में विधिवत संपन्न करवाया गया। विवाह कार्यक्रम में दोनों तरफ के परिजन शामिल रहे। सभी ने परिणय सूत्र में बंधे प्रेमी युगल को आशीर्वाद दिया। विवाह कार्यक्रम बहुत सादे तरीके से संपन्न करवाया गया। किसी भी प्रकार के दान दहेज नहीं किया गया। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चों की सहमति और दोनों परिवारों की रजामंदी में यह विवाह संपन्न हुआ है। इसमें किसी भी प्रकार का दान दहेज का आदान-प्रदान नहीं हुआ है।
मौके पर खरगडीहा मुखिया चीना खान, उपमुखिया राहुल कुमार साव, लड़के का नाना रंजीत राम, राजेश राम, लड़की का जीजा अजय रवानी व भाई के अलावा कई लोगों की उपस्थिति रही।
“क्या कहते हैं मुखिया”
मुखिया चीना खान ने कहा कि यह आदर्श विवाह समाज को एक दिशा दिखाता है। इस दहेज रूपी कोढ़ से लोगों को निजात दिलाने में हम सभी को अपनी भूमिका निभानी पड़ेगी। साथ में नवजवानों को भी यह बताता है कि यदि आप किसी को पसंद करते हैं तो कोई अनुचित कार्य न कर के अपने परिजनों को अपनी बात कहें। उन्हें सहमत करें।