बिहार में नक्सलियों का तांडव, चार की हत्या
रांची/जन की बात
बिहार में एक बार फिर नक्सलियों का तांडव हुआ। गया मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर डुमरिया प्रखंड के मौनवार गांव में नक्सलियों ने दो महिलाओं समेत चार लोगों की हत्या कर दी। चारों को घर के बाहर बने खटाल में फांसी लगा कर मार दिया। मारे गए लोगों में एक ही घर के दो पति और उनकी पत्नियां हैं। नक्सलियों ने इसके बाद गांव के लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से एक घर को भी बम से उड़ा दिया और एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी।
मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं। नक्सलियों ने पर्चा लगाकर कहा है कि इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा ए मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये उनके चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। आगे भी ऐसी कार्रवाई चलती रहेगी। उन्हें जहर देकर साजिश का शिकार बनाया गया था।
घटनास्थल पर लगाया गया पर्चा जन मुक्ति छापाकार सेना, मध्य जोन झारखंड, भाकपा (माओवादी) के नाम से लगाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। कोई भी इस विषय मे ज्यादा कुछ बताना नहीं चाह रहा।
मामले पर एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा कि नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।