कांग्रेस के स्टार प्रचारक और झारखंड प्रभारी हुए भाजपा के
दिल्ली, रांची / जन की बात
मंगलवार दोपहर को झारखण्ड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह अब भाजपा के हो गए। मंगलवार सुबह से ही पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के बीजेपी ज्वॉइन करने की चर्चा हो रही थी। इस बीच आरपीएन सिंह ने अपने ऑफिशियल ट्विटर से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का एलान कर दिया। कहा कि ऐसे वक्त में जब देश महान गणतंत्र के गठन का जश्न मना रहा है, मैं अपनी राजनीतिक यात्रा की नई शुरुआत कर रहा हूं।बताते चलें कि अभी उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस ने आरपीएन सिंह को स्टार प्रचारक के रूप में भी सूचीबद्ध किया था।
“नाराजगी थी तो हाईकमान से बात करते – राजेश ठाकुर”
झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह के कांग्रेस से इस्तीफे और भाजपा जॉइन करने पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि आरपीएन सिंह का फैसला ठीक नहीं है। यदि कोई नाराजगी या असंतोष था तो उनको हाईकमान से इस पर चर्चा करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि मैं नहीं जानता कि किन वजहों से आरपीएन सिंह ने ऐसा फैसला किया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है और सबकी सुनी जाती है। कहा आरपीएन सिंह का इस्तीफा जरूर निराश करने वाला है लेकिन उनके जाने से पार्टी की स्थिति पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
राजेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने आरपीएन सिंह को हमेशा पूरा मान और सम्मान दिया। हाईकमान ने महत्वपूर्ण पद दिए। सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने प्यार दिया। बावजूद इसके उनको किस बात की नाराजगी या असंतोष था, ये वही जानते हैं।